गन्ना मंत्री कल करेंगे वेब शुगर मिल का उद्घाटन
- किसान संघर्ष समिति वेब शुगर मिल ने स्वागत के लिए किसानों को दिया न्योता
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
वेब शुगर मिल चलाने के आदेश जारी होने के बाद इसका उद्घाटन 26 सितंबर को होगा। राज्य गन्ना मंत्री सुरेश राणा मिल के उद्घाटन पर पूजन करने आ रहे हैं। किसानों को मंत्री के स्वागत के लिए किसान संघर्ष समिति वेब शुगर मिल के द्वारा न्योता दिया जा रहा है।
समिति संयोजक व प्रभारी संग्राम सिंह ने बताया कि समिति द्वारा दिए गए धरने के चलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वेब शुगर मिल को चलाने के आदेश जारी किए। इसके लिए किसान मुख्यमंत्री के आभारी हैं। शनिवार को गांव बंचावली स्थित गोशाला में किसानों ने जश्न मनाया। मिल चलाने के लिए 26 सितंबर को उद्घाटन होगा। इसमें पूजन राज्य गन्ना मंत्री सुरेश राणा करेंगे। मिल में मंत्री के पहुंचने पर समिति के बैनर तले किसान उनका स्वागत करेंगे। पप्पू प्रधान चोला के नेतृत्व में मिल में सफाई करवाई जा रही है। मिल प्रशासन को सफाई के लिए लेबर उपलब्ध करवाई गई है। मंत्री के स्वागत के लिए रविवार को समिति के पदाधिकारियों ने गांव कोंदू, चोला, बंचावली, धीमरी, नैथला, हरतौली, बराल, कैथाला, संतपुर आदि गांवों का दौरा कर किसानों को न्योता दिया। यह दौरा किसान अनिल प्रधान, जगमाल सिंह और नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में चला और किसानों को अधिक से अधिक संख्या में 26 सितंबर को वेब शुगर मिल पहुंचने का आह्वान किया गया।