जिले के 600 से अधिक गांवों में बिजली संकट जारी
- जगह-जगह हो रही बारिश से नहीं हो पा रही लाइन दुरुस्त
- बिजली अफसरों के लिए जी का जंजाल बना बिजली संकट
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। जिले के 600 गांवों में रविवार को भी लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा। रविवार को लगातार तीसरे दिन जगह-जगह हुई बूंदाबांदी ने बिजली कर्मचारियों को लाइनों को ठीक नहीं करने दिया। दोपहर के समय बूंदाबांदी रुकी तो कर्मचारियों ने लाइनों को ठीक करने का काम शुरू किया।
लगातार दो दिन भारी बारिश के कारण जिले के 600 गांवों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। बारिश के कारण बिजली कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त नहीं कर सके थे। रविवार को बूंदाबांदी होने के कारण दोपहर तक कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त करने नहीं जा सके। बूंदाबांदी बंद होने के बाद अफसर-कर्मचारियों ने लाइनों को ठीक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। देर शाम समाचार लिखे जाने तक करीब 150 गांवों की बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई थी। जबकि करीब 450 गांवों की बिजली सप्लाई अभी भी बाधित थी। गांवों में लगातार तीन दिन से बिजली सप्लाई न होने के चलते लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। घरों में लगे इंवर्टर बीतने के चलते मोबाइल चार्ज करना तथा शाम को घरों में रोशनी करना भी दूभर हो गया है। एसई संजीव राना ने बताया कि बूंदाबांदी बंद होने के बाद कर्मचारियों को लाइनों को ठीक करने के लिए भेजा है। सौ से अधिक गांवों की बिजली सप्लाई शुरू करा दी गई है। शेष गांवों की सप्लाई भी जल्द शुरू करा दी जाएगी।