अस्पतालों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर डीएम सख्त
- पर्ची के तहत तीमारदारों के प्रवेश के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। सरकारी अस्पतालों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर डीएम ने सख्ती दिखाई है। डीएम ने मरीजों के तीमारदारों को पर्ची के माध्यम से अस्पताल में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में घूमने वाले बाहरी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
जिला अस्पताल व जिला महिला अस्पताल में बाहरी लोगों के घूमने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सीएमओ व सीएमएस को बाहरी लोगों के प्रवेश रोकने के निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने आदेश दिए हैं कि मरीजों के तीमारदारों को पर्ची के माध्यम से नियत समय पर अस्पताल में प्रवेश दिया जाए। उन्होंने समयावधि के बाद अस्पताल परिसर में घूमने वाले बाहरी लोगों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। अस्पतालों के कर्मचारियों को आदेश दिए हैं कि वह अपनी यूनिफार्म व आईडी कार्ड के साथ अपनी ड्यूटी दें। बाहरी लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए डीएम ने एडीएम प्रशासन, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट व जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल अधिकारी को निर्देश देते हुए अस्पतालों को पीआरडी जवान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
-------------
फ्लाईओवर के नीचे पार्क बनाने के निर्देश
बुलंदशहर। डीएम ने नगर के डीएवी फ्लाईओवर के नीचे पार्क बनाने के निर्देश दिए है। डीएम ने बीडीए अफसरों को निर्देश देते हुए फ्लाईओवर के निचले हिस्से में पार्क निर्माण स्थल का सौंदर्यीकरण के कार्य में सुधार करते हुए छोटे फूल वाले पौधे लगाने को कहा। साथ ही पार्किंग स्थल पर साइन बोर्ड लगाने की बात कही। ब्यूरो