संपत्ति हड़पने की नीयत से कराया गर्भपात
- मृतक कांस्टेबल के पिता ने पुत्रवधु के खिलाफ दर्ज कराया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
स्याना।
पति की मृत्यु के बाद पत्नी द्वारा गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। मृतक कांस्टेबल के पिता ने अपने पुत्र की मौत में उसकी (पुत्र की) पत्नी का ही हाथ होने एवं पुत्र की संपत्ति हड़पने की आशंका जताते हुए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी महिला के खिलाफ स्याना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात युवक की बीते चार जून को थाना कैराना जिला शामली में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। चर्चा है कि मृत्यु के बाद कांस्टेबल की पत्नी ने गर्भपात करा दिया। वह चार माह की गर्भवती थी। मृतक कांस्टेबल के पिता का आरोप है कि उसके बेटे की मौत में उसकी बहू का ही हाथ है। संपत्ति हड़पने की नीयत से उसने गर्भपात करा दिया। पिता द्वारा इस बाबत एसीजेएम द्वितीय के यहां प्रार्थना पत्र दिया गया। जिस पर कोर्ट ने स्याना कोतवाली में कांस्टेबल की पत्नी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करने का आदेश दिया। कोतवाल का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो