बारिश-आंधी से नगर समेत 300 गांवों की बिजली गुल
जिले में बुधवार शाम और देर रात आई आंधी-बारिश के कारण नगर क्षेत्र समेत 350 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। रात भर गांवों में बिजली न मिलने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं आधे नगर क्षेत्र में लगातार तीन घंटे बिजली सप्लाई बाधित रही।
बुधवार शाम और रात में आई आंधी-बारिश के कारण कई क्षेत्रों में बिजली के तार व खंभे टूटकर गिर गए। जिससे कई हाईटेंशन लाइन ब्रेक डाउन हो गईं। लाइनों के ब्रेक डाउन होने के चलते जिले के 350 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने के बाद रात भर बिजलीघरों व अफसरों के फोन घनघनाते रहे। कई क्षेत्रों से शिकायतें आईं कि रात में बिजलीघरों पर उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। आंधी-बारिश के कारण मामन बिजलीघर से आ रही हाईटेंशन लाइन पर पेड़ टूटकर गिर गया। जिससे आधे नगर की बिजली गुल हो गई। करीब दो घंटे तक नगर का हाइडिल व अनूपशहर अड्डा बिजलीघर बंद रहा। रात भर बिजली गुल होने के कारण ग्रामीण काफी परेशान रहे। बृहस्पतिवार को दिन में बिजली अफसरों ने टीमों को भेजकर लाइनों को ठीक कराया। देर शाम तक करीब सौ गांवों की बिजली सप्लाई चालू नहीं हो सकी थी। इस संबंध में एसई अजय अग्रवाल ने बताया कि अधिकतर गांवों की बिजली चालू करा दी गई है। शेष गांवों की सप्लाई भी शीघ्र चालू करा दी जाएगी।
सड़कों पर भरा पानी
झमाझम बारिश के बाद नगर की मुख्य सड़कों पर पानी भर गया। इस दौरान विभिन्न सड़कों पर हुए जलभराव से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। जबकि कई कच्ची गलियों में बारिश के बाद कीचड़ हो गया। ईओ एके सिंह ने बताया कि जितने भी नाले चोक हुए हैं, सभी की सफाई कराने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। शीघ्र ही इनकी सफाई करा दी जाएगी।
मौसम हुआ खुशगवार, उमस से मिली राहत
बुलंदशहर। जिले में हुई झमाझम बारिश और आंधी के चलते मौसम खुशगवार हो गया। इससे सभी को उमस से राहत मिली है। वहीं, दूसरी ओर तेज हवा के झोकों से धान और गन्ने की फसल गर गई, जिससे किसान चिंतित हैं। इस बार बारिश बहुत कम हुई और अब जब शुरू हुई तो लगातार जारी है। हालांकि पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद उमस और गर्मी ने अपना रंग जमाना शुरू कर दिया था। इससे निजात पाने को तरह-तरह के उपाय अपनाए जा रहे थे और बीमारी भी घर करने लगी थी। यही कारण रहा कि अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी। मगर, अब बुधवार की रात और बृहस्पतिवार की सुबह हुई बारिश के बाद मौसम खुशगवार हो गया। अधिकतम तापमान कम होकर 34 और न्यूनतम 25 डिग्री पर पहुंच गया है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. विवेकराज का कहना है कि यदि बारिश और ज्यादा होती है तो किसानों को नुकसान होगा। मौसम बार-बार रंगत बदल रहा है और आंकड़े फेल होने से यह तय करना असंभव है कि आगामी मौसम कैसा रहेगा।
डीएम ने किया नालों का निरीक्षण
बारिश के बाद डीएम ने बृहस्पतिवार सुबह नगर के मुख्य नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान कालाआम चौराहे के नाले में गंदगी मिली। जिससे पानी की निकासी में काफी परेशानी हो रही है। डीएम ने नगर पालिका अफसरों को नाले की सिल्ट निकालने के आदेश दिए। जबकि बीसा कालोनी से जुड़ने वाली सड़क पर जलभराव को देखते हुए डीएम ने बीडीए अफसरों को निर्देश दिए कि शीघ्र ही उक्त स्थान पर टाइल्स लगाने का कार्य पूरा किया जाए। इसके अलावा सड़क पर आलम कैंटीन के पास नाले में कूड़ा पाए जाने पर डीएम ने पालिका अफसरों को कैंटीन स्वामी से जुर्माना वसूलने के आदेश दिए। साथ ही डीएम ने नगर के धमैड़ा अड्डा पहुंचने पर जर्जर सड़क के निर्माण के लिए अब तक कार्य शुरू न होने पर नाराजगी जताते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के तीनों एक्सईएन से विमर्श कर मामन रोड, शिकारपुर-बदायूं मार्ग व ऊंचागांव से बुगरासी रोड के निर्माण के लिए स्टीमेट तैयार कर शीघ्र सड़कों के निर्माण के आदेश दिए।