नालियों में गोबर बहाने पर पालिका सख्त
- 31 पशुपालकों को जारी किया नोटिस, बाज नहीं आने पर कार्रवाई की चेतावनी
सिकंदराबाद। नालियों में गोबर बहाने वाले पशुपालकों के खिलाफ पालिका ने सख्ती शुरू कर दी है। पालिका ने नगर के 31 पशुपालकों को नोटिस जारी कर नालियों में गोबर नहीं बहाने की हिदायत दी है। हिदायत के बाद भी बाज नहीं आने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बता दें के नगरवासी काफी समय से पशुपालकों के नालियों में गोबर बहाकर गंदगी फैलाने की शिकायत करते चले आ रहे हैं। उनका कहना है कि पशुपालक समर्सिबल का पानी चलाकर पशुओं का गोबर व उनका खराब चारा नालियों में बहा देते हैं, जिससे नालियों के चौक होने से जलभराव होता है। वहीं गंदगी नालियों से निकल सड़क पर फैलने से लोगों को परेशानी का समाना करना पड़ता है और गंदगी के कारण लोगों में बीमारी फैलने की आंशका बनी रहती है।
ईओ सतेंद्र तिवारी ने बताया कि नगरवासियों की शिकायत पर नालियों में गोबर बहाने वाले पशुपालकों को चिंह्ति करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अभी नगर में 31 पशुपालकों को चिंह्ति किया गया है। सभी को नोटिस जारी कर नालियों में गोबर व पशुओं का सड़ा-गला चारा नहीं बहाने की हिदायत दी गई है। नोटिस के बाद भी गोबर बहाने वालों के खिलाफ चालान व अन्य कार्रवाई की जाएगी। पशुओं के जब्तीकरण या डेरी के सील की भी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
--------------------
नालियों में गोबर बहाने पर आठ को नोटिस जारी
बुलंदशहर। नगर पालिका टीम ने अवैध रूप से नालियों में गोबर बहाने वालों के खिलाफ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की है। नगर क्षेत्र में पालिका अफसरों ने आठ लोगों को नोटिस जारी करने के बाद जुर्माना के लिए कोर्ट भेज दिया है।
नगर को साफ-सुथरा बनाने के लिए डीएम ने नगर पालिका अफसरों को आदेश दिए थे कि अवैध रूप से नालियों में गोबर बहाने वाले पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। निर्देशानुसार अफसरों ने कार्रवाई करते हुए आठ पशुपालकों को नोटिस जारी किए हैं। नगर पालिका अधिनियम तथा प्रदूषण अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। नगर पालिका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि नगर क्षेत्र निवासी गजेंद्र सिंह, मायादेवी, राजेंद्र, अंजू, रूप सिंह, जानकी प्रसाद, धर्मपाल व राजकुमार के खिलाफ नोटिस जारी कर जुर्माने की धनराशि निर्धारित करने के लिए कोर्ट भेज दिया है। बताया कि कोर्ट के निर्देशानुसार आरोपियों से जुर्माना वसूला जाएगा। ब्यूरो