खुदा की राह में दी अकीदतमंदों ने ‘कुर्बानी’
- ईदगाह पर अफसरों ने कैंप लगाया, खाकी का रहा पहरा
- कुर्बान जानवर की खाल को किया मदरसों को दान
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले में उत्साह के साथ ईद-उल-अजहा का त्यौहार मनाया गया। अकीदतमंदों ने ईदगाह और मुख्य मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की। नमाज अदायगी के बाद लोग जानवरों की कुर्बानी में जुट गए। शाम होते-होते लोगों ने व्यंजनों का भरपूर लुत्फ उठाया। कुर्बान किए गए जानवरों की खाल को मदरसों में दान कर दिया गया। अफसरों ने भी ईदगाह पर कैंप लगाया और गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाई दी।
ईद के मौके पर ऊपरकोट, काला आम, सिविल लाइन रोड, स्याना रोड, शिकारपुर बाईपास क्षेत्र में भी लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान अमन-चैन की दुआ भी मांगी। एडीएम अरविंद कुमार मिश्र और एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सहित अन्य अफसर ईदगाह पहुंचे और कैंप लगाया। अफसरों ने नमाजियों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के बाद लोग जानवरों की कुर्बानी में जुट गए। इस दौरान खाकी का पहरा रहा और कुर्बान जानवरों की खाल मदरसों में दान की गई। ईदगाह के निकट आप कार्यकर्ताओं ने कैंप लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान जिला संयोजक विकास शर्मा, उपेंद्र शर्मा, शैलेंद्र लोधी, संजय मित्तल, अमित वाल्मीकि मौजूद रहे।
डिबाई-दानपुर में शहर काजी साजिद अली कारी ने ईदगाह पर नमाज अदा कराई। उन्होंने देश की खुशहाली, देश में अमन-चयन, गरीबों की झोली भरने के लिए दुआ मांगी। क्षेत्र के गांव पला कसेर, बग्ठारी, बरारी, पिलखना, कर्णवास आदि गांवों में भी नमाज अदा की गई। एसडीएम उमा शंकर, सीओ जितेंद्र कुमार, कोतवाली निरीक्षक अरविंद कुमार पंवार, अग्निशमन सहित पुलिस बल मौजूद रहा। स्याना में ईदगाह पर एसडीएम संजय कुमार पांडे व कोतवाल कंचन चौधरी ने व्यवस्था संभाली। सीओ अन्विता उपाध्याय ने सर्किल क्षेत्र का भ्रमण किया। सपा, बसपा, आप, कल्लू कुरैशी व नगर पालिका ने कैंप लगाए। बुगरासी में पुरानी ईदगाह पर निर्धारित समय पर शहर काजी सैयद जफरूल इस्लाम ने जबकि नई ईदगाह पर मौलाना महजर हुसैन ने नमाज अदा कराई। बीबीनगर क्षेत्र की सभी सातों ईदगाहों में नमा अदा कराई गई। औरंगाबाद नगर व आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में ईद का पर्व धूमधाम से मनाया गया। नगर में पवसरा रोड स्थित ईदगाह पर जामा मस्जिद के इमाम कारी शेर मौहम्मद ने ईद की नमाज अदा कराकर देश में अमन-चैन की दुआ मांगी। जामा मस्जिद, बिलाल मस्जिद, मदीना मस्जिद, अजीजाबाद मदरसा, सईदगढ़ी मदरसा, छेपीवाड़ा मस्जिद, शिया मस्जिद में भी ईद की नमाज पढ़ाई गई। वहीं गांव चरौरा मुस्तफाबाद, लखावटी, रजवाना, बालका, पर्वाना, जाड़ौल, ईलना, नौबतपुर, अगौता, शाहनगर, मालागढ़, ढकौली, अजीतपुर बागवाला, रहीमपुर बहगवां, मीरपुर, आदि गांवों में भी नमाज पढ़कर दुआ मांगी गई। शिकारपुर में शिया वर्ग के लोगों ने करबला वाली मस्जिद में मौलाना मौहम्मद मकारिम की अगुवाई में तथा सुन्नी वर्ग के लोगों ने सलेमपुर तिराहे वाली व करीरा रोड स्थित ईदगाहों पर क्रमश: मौलाना हारून व मौलाना अकील की अगुवाई में नमाज अदा की। पुलिस प्रशासन की ओर से एसडीएम सुभाष चंद यादव, सीओ जगदीश चंद सिंह, ईओ संजीवन राम यादव तथा एसएचओ पीआर शर्मा मौके पर उपस्थित रहे। नगरपालिका निवर्तमान चेयरमैन राजबाला सैनी, मुमताज हैदर, कैप्टन अनोखेलाल शर्मा, आस मोहम्मद गाजी, हाजी अलीम आदि ने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। अनूपशहर में मलकपुर रोड स्थित ईदगाह हजारों लोगों ने नमाज अदा की। सीओ मनीष यादव, तहसीलदार हीराल सैनी, पवित्र कौशिक, मोहन पंडित, गोपाल शर्मा आदि रहे। जहांगीराबाद में 15 स्थानों पर ईद की नमाज अदा हुई। मुख्य नमाज बस स्टैंड स्थित ईदगाह पर शहर इमाम डॉ. सैयद कलीमुर्ररहमान बुखारी के नेतृत्व मे पढ़ी गई। इसके अलावा जलीलपुर व सांखनी में मस्जिदों के मौलाना के नेतृत्व मे नमाज अदा हुई। इस मौके पर पूर्व विधायक चौधरी गजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक चौ. होशियार सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुनील चरौरा, साबिर अली अंसारी, कांग्रेस नेता अंबरिश वर्मा मौजूद रहे। वहीं, गुलावठी में ईदगाह पर शनिवार को लगभग 15 हजार अकीदमंदों ने जामा मस्जिद के इमाम मौलाना फरीदुद्दीन ने अदा कराई। एसडीएम अविनाश चंद मौर्य, ईओ मुक्ता सिंह, नरेश यादव, दिनेश गुर्जर, थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह मौजूद रहे।
--------------------
गले मिलकर दी ईद की बधाई
सिकंदराबाद। कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-अजहा शनिवार को नगर भर में सादगी और हर्षोउल्लास से मनाया गया। सुबह आठ बजे लोगों ने ईदगाह पर नमाज अता करने के बाद एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाइयां दी। इसके बाद कुर्बानी की रस्म अदा की गई। शहर में जगह-जगह लगे मेलों में काफी संख्या में लोग पहुंचे और आनंद लिया। मोलाना मोहम्मद अरशद कासमी ने नमाज अता कराई। जगह न होने की वजह से हाइवे पर लोगों ने नमाज अता की। इसके बाद 8.30 पर शाही जामा मस्जिद पर मोलाना मोहम्मद आरिफ ने ईद की नमाज अदा कराई। त्योहार को लेकर सुबह से ही शहर में रौनक दिखाई दी। ककोड़ में मोलाना बासित अली ने ईद की नमाज अदा कराई। इसके अलावा क्षेत्र के झाझर, वैलाना, सुनपेड़ा, नगलागोविंदपुर, वैर, भदौड़ा, बिघेपुर आदि में भी ईद की नमाज अदा की गई। इस दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। ब्यूरो
......................
ड्रोन की मदद से रही कड़ी चौकसी
खुर्जा/जहांगीरपुर/पहासू। खुर्जा स्थित ईदगाह पर ड्रोन कैमरे की मदद से सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाया गया। नमाज खत्म होने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाते हुए ईद की बधाई दी। इस दौरान खुर्जा स्थित ईदगाह परिसर पर एसडीएम हिंमाशु गुप्ता, सीओ रमणपाल सिंह समेत तहसील के अनेक प्रशासनिक अफसर नमाज के दौरान मौजूद रहे। खुर्जा स्थित ईदगाह पर भी ड्रोन कैमरे की मदद से सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त बनाया गया। पहासू स्थित ईदगाह परिसर पर कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान एसडीएम शिकारपुर सुभाष यादव, सीओ शिकारपुर जगदीश चंद्र रहे। इसके अलावा जहांगीरपुर में भी ईदगाह पर शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की गई। इस दौरान प्रशासनिक अफसर मौजूद रहे। ब्यूरो