अनूपशहर से दिल्ली के लिए रोडवेज बस शुरू
बुलंदशहर। कस्बा अनूपशहर से दिल्ली के लिए रोडवेज बस शुरू हो गई है। इस बस के चलने से जहां अनूपशहर और शिकारपुर के बीच पड़ने वाले 20 गांवों की जनता को लाभ मिलेगा, वहीं दिल्ली जाने वाले लोगों को भी काफी सहूलियत मिलेगी।
अनूपशहर से शिकारपुर मार्ग पर यात्रियों को डग्गामार वाहनों का ही सहारा रहा है। इस मार्ग पर रोडवेज बस चलाने की काफी समय से मांग हो रही थी। यह सब सुबह आठ बजे अनूपशहर से दिल्ली के लिए रवाना होगी। इस बस के चलने से अनूपशहर से शिकारपुर ही नहीं, बल्कि शिकारपुर की जनता को भी फायदा होगा। एआरएम एसपी सिंह ने बताया कि यह बस पहले बुलंदशहर से शिकारपुर तक चलाई गई, लेकिन यात्रियों की मांग थी कि इसे दिल्ली तक चलाया जाए। क्योंकि इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग रोजाना दिल्ली के अलावा दादरी और गाजियाबाद आदि को जाते हैं। इसलिए अब यह बस अनूपशहर से शिकारपुर, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली तक चलाई जा रही है।