गरीबों के राशन की कालाबाजारी पर बैठी जांच
- शिकायत मिलने पर डीएसओ ने जांच कमेटी गठित की
- जिले के दस डीलरों पर लगे हैं राशन बेचने के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। गरीबों के राशन की कालाबाजारी करने वालों पर विभागीय कार्रवाई जारी है। शिकायत मिलने पर डीएसओ ने जांच कमेटी गठित कर दी है। विभाग को जिले के दस डीलरों पर राशन बेचने के आरोप की शिकायत मिली है। गठित जांच कमेटी ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही रिपोर्ट तैयार होने का दावा किया है।
जिले में सरकारी राशन की 1426 दुकान है। इनसे करीब नौ लाख उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। जिनमें से 6.50 लाख उपभोक्ता फूड सिक्योरिटी योजना से जुड़े हैं। इन परिवारों को प्रत्येक माह दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किलो चावल का वितरण प्रति यूनिट पांच किलो के हिसाब से किया जाता है। इस राशन का वितरण न करने और कालाबाजारी करने की शिकायत रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। दो दिन पहले भी राशन की कालाबाजारी होने पर डीएसओ ने दो डीलर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। वहीं, विभाग को 10 और शिकायत मिली हैं कि डीलर्स ने राशन का वितरण न कर बेच दिया है। शिकायत मिलने पर डीएसओ ने एक जांच कमेटी का गठन कर जांच के आदेश दिए हैं। डीएसओ केबी सिंह की चेतावनी है कि किसी भी डीलर को गरीबों के राशन में हेराफेरी नहीं करने दी जाएगी। किसी भी डीलर की शिकायत मिली तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। जिन 10 शिकायतों की जांच शुरू हुई है। उनकी रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई होगी।