दूसरी ओपन मेरिट में आज भी होंगे एडमिशन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
यूजी और पीजी की कक्षाओं में रिक्त सीटों पर एडमिशन को जारी हुई दूसरी ओपन मेरिट में शामिल उन विद्यार्थियों को एक और मौका दिया गया है, जो किसी कारणवश एडमिशन नहीं करा पाए। ऐसे छात्र-छात्राएं सोमवार को अपने कॉलेज पहुंचकर एडमिशन करा सकते हैं।
सीसीएसयू की ओर से यूजी की तीन और पीजी की दो कट ऑफ लिस्ट जारी की थी। इसके बाद भी सीट खाली रहने पर विवि ने कॉलेजों को स्वयं ओपन मेरिट बनाकर एडमिशन कराने के आदेश दिए थे। इसके बाद विवि ने खुद ही दूसरी ओपन मेरिट जारी कर रिक्त सीटों पर एडमिशन का मौका दिया। इस लिस्ट में शामिल छात्र-छात्राओं को 26 अगस्त तक का समय एडमिशन कराने का दिया था। मगर, अब विवि ने आदेश जारी किया है कि इस लिस्ट में शामिल वह छात्र-छात्रा, जो प्रवेश से वंचित रह गए हैं। वह अपना एडमिशन 28 अगस्त को भी करा सकते हैं। यह आदेश कॉलेजों को मिल गया है। इसके चलते एडमिशन की तैयारी कर ली हैं। डीएवी के प्राचार्य प्रो. विकास शर्मा ने कहा कि विवि ने दूसरी ओपन मेरिट में शामिल छात्रों को सोमवार का समय देकर एडमिशन कराने का मौका दिया है। एडमिशन से वंचित छात्र अपना एडमिशन करा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विवि से बार-बार जारी हो रहे आदेशों से शिक्षण कार्य शुरू होने में देरी हो रही है। वह मूटा के अध्यक्ष भी हैं और इस बारे में वह कुलपति से बात करेंगे कि एडमिशन का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाए।