प्रमुख सचिव नगर विकास ने सुनी लोगों की समस्याएं
- प्रमुख सचिव नगर विकास को शासन ने बनाया है जिले का नोडल अधिकारी
- प्रत्येक माह दो दिन का जिले में करेंगे दौरा, किसी भी कार्यालय का कर सकते हैं निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव होमगार्ड कुमार कमलेश ने बुधवार को संपूर्ण समाधान दिवस के तहत लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान डीएम की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की कुल 58 शिकायतें मिलीं, इनमें से मात्र पांच शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को शीघ्र ही शिकायतों के निस्तारण के आदेश दिए हैं।
शासन ने विकास कार्यों की समीक्षा के लिए प्रमुख सचिव होमगार्ड को जिले का नोडल अधिकारी घोषित किया था। इसके बाद बुधवार सुबह नौ बजे प्रमुख सचिव जिले में पहुंच गए थे। बुधवार को संपूर्ण समाधान दिवस होने के चलते प्रमुख सचिव ने भी डीएम की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में राजस्व, सिंचाई, ग्राम विकास, पुलिस, आवास विकास परिषद, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग समेत अन्य विभागों से कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुई। इन शिकायतों में से केवल पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। डीएम के गोद लिए गांव कमालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षों की संख्या बढ़ाए जाने की शिकायत पर डीएम ने बीएसए को निर्देशित करते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। इसके अलावा संपूर्ण समाधान दिवस से नदारद रहने पर आवास विकास के सहायक अभियंता को चेतावनी जारी करते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए विभाग के उच्चाधिकारियों को निर्देशित किया। कार्यक्रम में डीएफओ अनुज कुमार सक्सेना ने प्रमुख सचिव को रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया।
प्रत्येक माह करेंगे जिले का दौरा
शासन ने जिले के नोडल अधिकारी बनाए प्रमुख सचिव होमगार्ड कुमार कमलेश प्रत्येक माह जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वह विकास कार्यों की समीक्षा, सरकारी दफ्तरों का निरीक्षण, गांवों का दौरा कर विकास कार्यों की रिपोर्ट शासन को देंगे।