जिला पंचायत के सहयोग से बदलेगी मेलों की सूरत
- डीएम ने समितियों के अध्यक्ष, प्रतिनिधियों के साथ बैठक में दिए आदेश
बुलंदशहर। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित बैठक में जिलेभर में लगने वाले मेलों को बढ़ावा देने तथा सौंदर्यीकरण के लिए जिला पंचायत के सहयोग के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि जिले में पतित पावनी मां गंगा बहती है और कई स्थानों पर मेलों का आयोजन होता है। बैठक में डीएम ने उपस्थित लोगों से मेलों को आकर्षक बनाने के लिए सुझाव मांगे। इसके बाद डीएम ने घोषणा की कि जिला पंचायत भी अब मेलों को आकर्षक बनाने में अपना पूरा सहयोग देगी।
डीएम ने कहा कि विभिन्न मेलों की समितियों में आवश्यक रूप से जिला प्रशासन का एक अधिकारी नामित किया जाएगा। नामित अधिकारी अगली बैठक में पूरी कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत करेगा। डीएम ने बताया कि मेलों में जिला पंचायत मुख्य रूप से घाटों का निर्माण, पार्किंग बेरिकेडिंग, शौचालय निर्माण कराने की जिम्मेदारी तथा राजघाट, कर्णवास, रामघाट, अवंतिका देवी, अहार स्थित अंबकेश्व मंदिर व अनूपशहर में मेलों के आयोजन के समय गोताखोरों, संपर्क मार्ग, सफाई व्यवस्था एवं पथ प्रकाश आदि की व्यवस्था जिला पंचायत करेगी।
इस दौरान डीएम ने जिपं अधिकारियों को विभिन्न वार्डों में कार्य को धरातल पर उतारने के आदेश देते हुए जिला पुस्तकालय की दीवारों को पेंटिंग कर, कुष्ठ आश्रम की क्षतिग्रस्त दीवार को ठीक कराने, जिला कारागार में सड़कों का निर्माण आश्रम पद्धति विद्यालय बदनौरा की चार दीवारी, कलक्ट्रेट की चार दीवारी, डीएवी कालेज की चार दीवारी, मोतीबाग मैदान में मिट्टी का भराव, धमैड़ा अड्डा पर जर्जर सड़क को ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डीएम ने बताया कि क्राइम की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सदर विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही की निधि से 13 लाख रुपये की कीमत से नगर के बड़े चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
इस मौके पर बैठक में सीडीओ जसजीत कौर, एडीएम प्रशासन व वित्त, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, डीपीआरओ समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।