ब्रांडबैंड से चलेंगी पीओएस मशीनें
- अभी तक राशन की दुकानों पर मोबाइल सिम से चल रही हैं मशीन
- सरकारी राशन की दुकानों पर पीओएस से हो रहा सस्ते राशन का आवंटन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। सरकारी सस्ते राशन की दुकानें पर राशन वितरण के लिए लगाई गई प्वाइंट आफ सेल मशीन (पीओएस) जल्द ही जल्द ही ब्राडबैंड से जोड़कर चलाई जाएंगी। इसके लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। डीएसओ का दावा है कि यह सुविधा जल्द ही शुरू करवा दी जाएगी।
जिले में सरकारी सस्ते राशन की दुकानों की संख्या 1426 हैं। इनसे 9 लाख से अधिक राशन कार्ड उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। इनमें से 6.5 लाख परिवार फूड सिक्योरिटी के शामिल हैं। इन परिवारों के सभी सदस्यों को पांच किलो गेहूं और चावल का वितरण किया जाता है। राशन वितरण में धांधली को रोकने के लिए प्वाइंट आफ सेल मशीन (पीओएस) लगाई गई हैं। इनसे राशन का वितरण भी शुरू हो गया है। हाल-फिलहाल इन मशीनों को मोबाइल सिम से चलाया जा रहा है। मगर, जल्द ही यह मशीन ब्राडबैंड से जोड़कर से चलाने की तैयारी की जा रही है। आपूर्ति विभाग के अफसरों के अनुसार गांव-गांव में इंटरनेट के लिए आप्टिकल फाइबर केबल बिछ चुके हैं। इससे ग्राम पंचायत सहित ग्रामीणों को ब्राडबैंड से जोड़ा जाएगा। इसी केबल से राशन की दुकानों पर केबल ले जाकर पीओएस मशीन को ब्राडबैंड से जोड़ा जाएगा। इस सुविधा के शुरू होने से मशीन बेहतर तरीके से काम करेगी। यह निर्णय इसलिए लिया गया है कि सिम से मशीनों को चलाने में दिक्तत आ रही है।
..........................
राशन की दुकानों पर लगी पीओएस मशीनों को ब्राडबैंड से जोड़ कर चलाने की तैयारी की जा रही है। यह सुविधा जल्द शुरू हो जाएगी और मशीन चलाने में दिक्तत नहीं रहेगी। इसके लिए बीएसएनएल से भी संपर्क किया जाएगा। - केबी सिंह, डीएसओ