स्वतंत्रता दिवस पर होगी क्रॉस कंट्री रेस
- भागीदारी के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम टांडा में कराए रजिस्ट्रेशन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। स्वतंत्रता दिवस पर नगर में क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बालक-बालिका भागीदारी करेंगे। रेस का आयोजन जिला खेल कार्यालय की ओर से किया जाएगा। रेस में भागीदारी के लिए प्रतिभागी स्पोर्ट्स स्टेडियम टांडा में अपना नाम रजिस्टर्ड करवा सकते हैं।
उप क्रीड़ा अधिकारी रमेश चंद पाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर क्रॉस कंट्री रेस सुबह 6.15 बजे काला आम चौराहे और काली नदी के पुल से शुरू होगी। बालकों की रेस पांच किलोमीटर और बालिकाओं की रेस दो किलोमीटर की होगी। इसमें प्रवेश नि:शुल्क है और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बालकों की रेस कालाआम से और बालिकाओं की रेस काली नदी के पुल से शुरू होकर स्पोर्ट्स स्टेडियम टांडा में जाकर संपन्न होगी। क्रॉस कंट्री रेस में भागीदारी करने वाले बालक-बालिका 12 अगस्त से लेकर 14 अगस्त तक स्पोर्ट्स स्टेडियम टांडा में पहुंचकर अपना रजिस्ट्रेशन सुबह 10 से दोपहर चार बजे तक करवा सकते हैं। इसके बाद टांडा स्टेडियम में ही सुबह नौ बजे सब जूनियर बालक वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता करवाई जाएगी। 15 अगस्त को दोपहर बाद तीन बजे जिला प्रशासन अधिकारियों और प्रेस के मध्य बैडमिंटन मैच भी होगा। इसके लिए जिला खेल कार्यालय की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।