डीएम साहब! अब भी दफ्तरों में जमे हैं बाहरी लोग
- खुर्जा, पहासू, शिकारपुर समेत कई दफ्तरों में जमे हुए हैं लोग
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। डीएम के सख्त आदेश के बाद भी जिले में अफसरों ने प्राइवेट लोगों को अपने दफ्तरों से नहीं हटाया है। डीएम के निरीक्षण के समय कलक्ट्रेट स्थित दफ्तर से बाहरी लोगों को हटा दिया गया था, लेकिन खाद्य विभाग के दफ्तरों में अब भी प्राइवेट लोग कार्य कर रहे हैं।
बीते दिनों डीएम ने सरकारी दफ्तरों के निरीक्षण के दौरान पाया था कि बाहरी लोग दफ्तरों में कार्य कर रहे हैं। इनके चलते दफ्तरों में सरकारी कार्यों की गोपनीयता भंग हो रही है। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि दफ्तरों में काम करने वाले प्राइवेट लोगों के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट दर्ज करवाई जाए, लेकिन खाद्य विभाग में यह लोग अब भी जमे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार सिकंदराबाद नगर व तहसील, गुलावठी, डिबाई व डिबाई नगर, शिकारपुर, अनूपशहर व पहासू व खुर्जा स्थित खाद्य विभाग के दफ्तरों में बाहरी लोग काम कर रहे हैं। एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्र ने कहा कि मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी। अगर ऐसा है तो इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।