कोटा गांव की भूमि पर बनेगा गुलावठी का डंपिंग ग्राउंड
- डीएम ने गांव कोटा में डंपिंग ग्राउंड के लिए की भूमि निशुल्क हस्तांतरित
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। कस्बा गुलावठी की नगर पालिका के डंपिंग ग्राउंड को जमीन मिल गई है। यह गांव कोटा की भूमि पर बनेगा। डीएम ने मंगलवार डंपिंग ग्राउंड के लिए भूमि निशुल्क हस्तांतरित कर दी है। इससे अब जल्द ही डंपिंग ग्राउंड बनने की संभावना बन गई है।
गुलावठी नगर पालिका के डंपिंग ग्राउंड को काफी दिनों से भूमि की तलाश की जा रही थी। इसके लिए काफी प्रयास किए गए और अब जाकर भूमि को गांव कोटा में चिन्हित किया गया। डीएम डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि गुलावठी नगर पालिका के डंपिंग ग्राउंड के लिए गांव कोटा में भूमि को अधिग्रहित कर मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन निदेशालय उप्र के पक्ष में निशुल्क हस्तांतरित कर दिया गया है। यह कार्य शासन के आदेश पर किया गया है। डंपिंग ग्राउंड के लिए 1.004 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है। इसकी जानकारी शासन और स्वच्छ भारत मिशन निदेशालय उप्र को भी भेज दी है। उन्होंने संभावना जताई है कि जल्द ही डंपिंग ग्राउंड का निर्माण शुरू हो जाएगा।