पांच नगर पालिका अध्यक्षों का कार्यकाल समाप्त
- जिले में केवल दो नगर पालिकाओं के अध्यक्षों का कार्यकाल बचा है शेष
बुलंदशहर। जिले में पांच नगर पालिकाओं में ईओ ने अध्यक्ष के रूप में मंगलवार को कार्यभार संभाल लिया। इससे पूर्व सोमवार को उक्त सभी नगर पालिकाओं के अध्यक्षों के पांच वर्ष पूरे होने पर कार्यकाल समाप्त हो गया था। अब जिले में केवल दो नगर पालिकाओं में अध्यक्षों का कार्यकाल शेष बचा है।
नगर पालिका चुनाव टलने तथा अध्यक्षों के कार्यकाल को पूरा होता देख शासन ने आदेश जारी किए थे कि जिस तारीख को नगर पालिका की पहली बोर्ड बैठक हुई थी उसी तारीख को पालिकाओं का कार्यकाल समाप्त होगा। शासन के आदेशानुसार सोमवार आठ अगस्त को जिले में पांच नगर पालिकाओं बुलंदशहर, ककोड़, पहासू, खानपुर व सिकंदराबाद का कार्यकाल समाप्त हो गया था। सभी नगर पालिकाओं में मंगलवार को नगर पालिका ईओ ने अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। जबकि जिले में अब केवल दो नगर पालिका जहांगीराबाद व खुर्जा के चेयरपर्सन का कार्यकाल शेष बचा है। जोकि 13 अगस्त को समाप्त होने वाला है। ऐसे में अब नगर पालिका ईओ पर ही नगर के विकास का जिम्मा होगा, जबकि इस दौरान कोई बोर्ड बैठक का आयोजन नहीं किया जा सकेगा।