दोबारा जमीन कब्जाई तो होगी एफआईआर: डीएम
- आरोपियों को भू-माफिया घोषित करने के भी दिए आदेश
- इस माह 475 हेक्टेयर जमीन को कब्जामुक्त कराने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। सरकारी जमीनों से हटाए गए अवैध कब्जों की डीएम ने समीक्षा की। कहा कि इन जमीनों पर किए गए पौधरोपण का काम ढीला है। खाली जमीन पर वन विभाग के सहयोग से पौधरोपण कराया जाए। उन्होंने खुर्जा में अहरौली और शिकारपुर में बड़े पैकेज में खाली कराई गई जमीनों पर एक सप्ताह के अंदर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कब्जा मुक्त कराई भूमि पर दोबारा कब्जा करने वालों को भू-माफिया घोषित करने और एफआईआर दर्ज कराने के आदेश सभी एसडीएम को दिए हैं।
डीएम ने कहा जनपद में छह भू-माफिया चिन्हित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है और सात भू-माफिया चिन्हित किए गए हैं। सभी तहसीलों में इसी माह में 475 हेक्टेयर भूमि को खाली करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सिकंदराबाद तहसील को 100 हेक्टेयर, खुर्जा को 75 हेक्टेयर, अनूपशहर को 50 हेक्टेयर, शिकारपुर को 50 हेक्टेयर, बुलंदशहर को 100 हेक्टेयर, डिबाई को 50 हेक्टेयर और स्याना को 100 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों से कहा कि अवैध कब्जों से मुक्त कराई गई सरकारी जमीनों का अधिकारियों द्वारा जो विवरण दिया जा रहा है, वह वास्तविक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि खाली कराई गई जमीनों का सत्यापन कराने के लिए अधिकारियों को तैनात किया गया है। सत्यापन के दौरान अगर रिपोर्ट फर्जी मिली तो कार्रवाई की जाएगी।