प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की समीक्षा करेंगी डीएम
- शासन के आदेश पर डीएम की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय टीम गठित
- कार्यों की समीक्षा और गुणवत्ता की जांच करेगी टीम
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा अब डीएम करेंगी। इसके लिए शासन ने डीएम की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है। गठित टीम कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा व गुणवत्ता की जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित करेगी।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा के लिए अभी तक किसी भी जिले के अधिकारी को आदेश नहीं दिए गए थे। जिसके चलते निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर धांधली व मनमानी की शिकायत आती थी। अब शासन ने जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम में डीएम के अलावा सीडीओ, पीएमजीएसवाई के एसई, एक्सईएन व मंडलीय टास्क फोर्स के एसई या एक्सईएन सदस्य के रूप में रहेंगे। शासन ने डीएम को आदेश दिए हैं कि उक्त टीम अब पीएमजीएसवाई के तहत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा व निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की परख करेगी। प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने आदेश जारी करते हुए कहा कि गठित मॉनीटरिंग कमेटी पाक्षिक आधार पर समीक्षा व गुणवत्ता की रिपोर्ट शासन को भेजेगी।