बिजली चोरी पर एक अन्य बिजलीघर प्रभारी घिरा
- एसई ने बिजलीघर प्रभारी से मांगा जबाव
- एक प्लांट में मिली 160 केवीए के ट्रांसफार्मर को कराया था जारी
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। एक दूध प्लांट में बिजली चोरी के मामले में एक अन्य बिजलीघर प्रभारी घिर गया है। सूत्रों के अनुसार उक्त बिजलीघर प्रभारी ने संबंधिंत क्षेत्र के बिजलीघर के प्रभारी न होने के बाद भी अवैध रूप से दूध प्लांट के लिए ट्रांसफार्मर जारी कराया था। इस कारण अब एसई ने विभिन्न बिंदुओं पर बिजलीघर प्रभारी से जवाब मांगा है।
जटपुरा स्थित एक दूध प्लांट में बिजली चोरी का खुलासा हुआ था। पूरे मामले में अफसरों ने प्लांट संचालक के खिलाफ अवैध रूप से दूसरा ट्रांसफार्मर रखकर सीधे 11 केवीए से बिजली चोरी कराने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अफसरों की जांच में खुलासा हुआ था कि जेई व एसडीओ के अलावा एक अन्य बिजलीघर प्रभारी भी शामिल था। अफसरों ने कार्रवाई करते हुए जेई को सस्पेंड कर दिया था। जबकि इसी सप्ताह एसडीओ अनूप कुमार को भी चीफ ने सस्पेंड कर दिया था। अब पता चला है कि प्लांट के लिए 160 केवीए का ट्रांसफार्मर महाराजपुर बिजलीघर प्रभारी नरेन्द्र सिंह ने जारी कराया था। जबकि नरेन्द्र सिंह उस समय संबंधित क्षेत्र के बिजलीघर प्रभारी ही नहीं थे। मामला संज्ञान में आते ही तत्कालीन एसई ने नरेन्द्र सिंह को नोटिस जारी कर सात बिंदुओं पर जवाब तलब किया है।
तत्कालीन एसई ने नोटिस जारी किया था। इस संबंध में बिजलीघर प्रभारी ने जवाब दिया है या नहीं इसकी जानकारी नहीं है। इस संबंध में जांच की जा रही है। कार्रवाई अवश्य की जाएगी। - अजय अग्रवाल, एसई, पावर कॉरपोरेशन