10 नामजद समेत 510 शिक्षामित्रों पर रिपोर्ट
- सोमवार दोपहर मांगों को लेकर कालाआम चौराहे पर लगाया था जाम
- जाम के चलते हजारों लोगों को हुई थी मुसीबत, नगर कोतवाली में दर्ज हुई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। सुप्रीम कोर्ट द्वारा शिक्षा मित्रों का समायोजन रद्द होने के बाद कालाआम पर सोमवार दोपहर जाम लगाने वाले शिक्षामित्रों के खिलाफ पुलिस ने 10 नामजद व 500 अज्ञात शिक्षामित्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एसएसआई किरनपाल सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि सोमवार को उनकी ड्यूटी शिक्षा मित्रों द्वारा धरना-प्रदर्शन कर रहे बीएसए दफ्तर पर थी। सभी शिक्षामित्र कार्यालय से धरना समाप्त कर ज्ञापन देने के लिए भाजपा कार्यालय पर आए। जिलाध्यक्ष को ज्ञापन देने के बाद सभी जुलूस निकालते हुए कालाआम चौराहे पर आकर बैठ गए। जिनको काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षामित्र नहीं माने। सड़क पर बैठने के चलते करीब 30 मिनट तक कालाआम चौराहे पर जाम लगाया। धरना-प्रदर्शन की वीडियोग्राफी भी कराई। जिसमेंशिक्षा मित्रों के जिलाध्यक्ष संजय चौधरी, उपाध्यक्ष शिवकुमार चौधरी, महामंत्री सलीम, निर्दोष भाटी, राहुल पवार, भागेश्वर शर्मा, संजय राणा, राकेश गुलावठी, नीरज गोस्वामी, आशीष सोलंकी के साथ करीब 50 अज्ञात महिला/पुरुष शिक्षा मित्र थे। इन शिक्षा मित्रों के खिलाफ जाम लगाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।