गरीबों को जल्द मिलेगी 101 प्रधानमंत्री आवास की सौगात
- योजना के तहत निर्माण शुरू करवाने को पहली किस्त में मिले 4 करोड़
- वर्ष 2017-18 में जिले को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले आवास
बुलंदशहर। जिले के गरीबों को जल्द ही 101 प्रधानमंत्री आवास की सौगात मिलने वाली है। प्रशासनिक मशीनरी ने 100 पात्रों का चयन कर लिया है जबकि एक पात्र का चयन बाकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण शुरू करवाने को पहली किस्त के लिए 4 करोड़ 40 हजार की राशि भी प्राप्त हो गई है। अफसरों का दावा है कि पात्रों को जल्द प्रथम किस्त की राशि देकर आवासों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
भारत सरकार की ओर से गरीबों का मकान बनवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत मकान के पात्र को भारत सरकार की ओर से राशि किस्तों में
दिए जाने का प्रावधान है। जिले में वर्ष 2016-17 में 646 आवास की सौगात मिली थी। इनमें से 559 आवासों का निर्माण जारी है और शेष 87 का निर्माण जल्द ही शुरू होने वाला है। इसी तरह वर्ष 2017-18 के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 101 आवास बनवाने का लक्ष्य मिला है। आवास निर्माण को पहली किस्त के रूप में 4 करोड़ 40 हजार की राशि भी मिल गई है। प्रशासन की ओर से आवास निर्माण शुरू करवाने और प्रथम किस्त की राशि पात्र को देने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। मगर, अभी एक पात्र का चयन नहीं होने से यह कार्य आगे नहीं बढ़ रहा है। अफसरों के अनुसार एक पात्र का चयन जल्द कर आवासों का निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा।
भारत सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2017-18 में गरीबों के लिए 101 आवास बनवाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। 100 पात्रों का चयन कर लिया है। संबंधित अफसरों को एक पात्र का चयन जल्द करने के आदेश दे दिए हैं। आवासों का निर्माण करवाने और प्रथम किस्त की राशि पात्र को देने की भी तैयारी लगभग पूरी कर ली है। - जसजीत कौर, सीडीओ