200 में किराएदार तो 50 कांशीराम आवासों पर अवैध कब्जा
- सत्यापन के आदेशों पर अवैध कब्जा धारकों में मची खलबली
बुलंदशहर। स्याना अड्डा पर बने कांशीराम आवासों में अवैध रूप से रह रहे लोगों में डीएम के सत्यापन के आदेशों से खलबली मची हुई है। सूत्रों के अनुसार उक्त आवासों में से करीब दो सौ में किराएदार रह रहे हैं तो 50 आवासों पर लोगों ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है।
नगर क्षेत्र के स्याना अड्डा के समीप शासन ने 416 कांशीराम आवासों का निर्माण कराया था। उक्त आवासों को आवेदकों को आवंटित भी कर दिया गया था, लेकिन लोगों की शिकायत के आधार पर पता चला कि करीब दो सौ आवास ऐसे हैं जिनमें आवंटियों ने खुद रहने के बजाए किराएदार रख लिए हैं। जबकि सूत्रों से पता चला है कि 50 आवासों में ऐसे लोग रह रहे हैं जिन्हें आवास आवंटित ही नहीं हुए हैं। डीएम ने शनिवार को मंडी चौकी प्रभारी को सत्यापन के आदेश दिए तो अब आवासों में अवैध रूप से रह रहे लोगों में खलबली मच गई। बताया जा रहा है कि अवैध रूप से रह रहे कई लोगों ने आवास सत्यापन की कार्रवाई से पहले ही खाली कर दिए हैं।