बीएसएनएल ब्रॉडबैंड सेवा पर वायरस का ब्रेक
भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के नेटवर्क पर शुक्रवार को वायरस ने बड़ा हमला किया है। वायरस के हमले के चलते शुक्रवार को जिलेभर में ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा बाधित रही।
इंटरनेट सेवा पर ब्रेक लगने से निजी व सरकारी दोनों दफ्तरों में काम काज प्रभावित रहा। दिन भर बीएसएनएल अफसर, कर्मचारी लोगों की समस्याओं का निस्तारण करने में लगे रहे।
बताया जा रहा है कि बुलंदशहर सर्किल के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी मालवेयर ने अटैक किया है। शुक्रवार को जिले में बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा एक साथ ठप हो गई।
इसके कारण सरकारी व निजी दफ्तरों में कामकाज प्रभावित हो गया। सैकड़ों की संख्या में उपभोक्ताओं के फोन बीएसएनएल अफसरों के फोन पर घनघनाने लगे।
परेशान बीएसएनएल अफसरों ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि एक वायरस ने ब्रॉडबैंड सेवा पर अटैक किया है। वायरस के अटैक करने की जानकारी मिलते ही बीएसएनएल अफसरों के होश फाख्ता हो गए।
अफसरों ने आनन फानन में उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर मालवेयर से बचने का तरीका निकाला। मालवेयर अटैक से परेशान उपभोक्ता पूरे दिन बीएसएनएल दफ्तरों में अपने ब्रॉडबैंडों को रीसेट कराने में लगे रहे।
ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा ठप होने से शुक्रवार को सरकारी दफ्तरों में विशेष रूप से कामकाज प्रभावित रहा। हालांकि अफसरों का कहना है कि इससे केवल नेटवर्क प्रभावित हो सकता है, लेकिन किसी भी प्रकार का डाटा लीक होने की कोई आशंका नहीं है।
बीएसएनएल अफसरों की मानें तो मालवेयर ने तीन कंपनियों के मॉडमों पर अटैक किया है। बताया जा रहा है कि जिले मेें उक्त तीनों कंपनियों के करीब तीन हजार मॉडम लगे हुए हैं।
जबकि शेष उपभोक्ताओं के घरों में किसी अन्य कंपनी के मॉडम लगे हुए हैं। एजीएसएम मॉडम, शर्मा सुपरनेट व आईबॉल नामक तीन कंपनियों के मॉडमों पर मालवेयर का अटैक होने से उक्त मॉडम पूरी तरह से ठप रहे।
शुक्रवार को बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड नेटवर्क पर मालवेयर का अटैक होने से मॉडम एकदम निष्क्रिय हो गए। बताया जा रहा है कि मालवेयर के अटैक से मॉडम की स्थिति तो ठीक लगती है, लेकिन डाउनलोडिंग, सर्फिंग जैसे कार्य पूरी तरह से बाधित हो रहे हैं।
उक्त तीनों कंपनियों के मॉडमों का वाईफाई पासवर्ड अफसरों ने एक ही बनाया हुआ है। संभव है कि हैकर को उक्त जानकारी मिलते ही उसने मॉडमों पर अटैक कर दिया हो। बताया जा रहा है कि अब अफसरों ने सभी मॉडमों को रीसेट करके मालवेयर अटैक से बचाने की कोशिश की है।
यदि आपके भी मॉडम पर मालवेयर ने अटैक किया है तो मॉडम को किसी भी नजदीकी बीएसएनएल दफ्तर में ले जाकर री सेट करा लें।
इसके अलावा उपभोक्ता खुद भी अपना मॉडम रीसेट कर सकते हैं। बीएसएनएल अफसरों के अनुसार मॉडम में बने एक छोटे से छेद में पिन डालकर उसको दबाने से मॉडम रीसेट हो जाता है।
मालवेयर ने बीएसएनएल के नेटवर्क पर अटैक किया तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में नेट सेवा प्रभावित हो गई।
अफसरों के अनुसार शुक्रवार को मालवेयर के अटैक से मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर समेेत 18 जिलों में नेट सेवा बाधित रही।
बताया जा रहा है कि अटैक के बाद से अफसरों ने काफी तक उपभोक्ताओं की समस्या को दूर कर दिया है, जबकि कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं की समस्या अभी भी बनी हुई है।
एक अज्ञात मालवेयर ने ब्रॉडबैंड नेटवर्क पर अटैक किया है। इससे तीन कंपनियों के मॉडम प्रभावित हुए हैं। सभी अफसरों को इससे बचाव के तौर तरीके बता दिए गए हैं। उपभोक्ता स्वयं भी अपना मॉडम रीसेट कर सकते हैं। - आरबी वर्मा, जीएम, बीएसएनएल