पांच हजार किसानों का डाटा डबल दिखा रहा सॉफ्टवेयर
किसानों के कर्जमाफी की चल रही प्रक्रिया में पांच हजार किसानों का सॉफ्टवेयर में डाटा डबल दर्शाने से अफसरों की परेशानी बढ़ गई है। सॉफ्टवेयर में अधिक किसानों के डाटा को मर्ज करने में अफसर जुट गए हैं। दावा है कि कर्जमाफी में शामिल किसानों का डाटा फीड हो गया है और अब सूची बनाई जाएगी।
शासन के आदेश पर जिले में 25 बैंकों की 246 शाखाओं के 1,67,095 किसानों को कर्जमाफी योजना में शामिल किया गया है। इन बैंकों की मदद से जिला प्रशासन की ओर से कर्जमाफी में शामिल किसानों का डाटा शासन स्तर से जारी किए गए सॉफ्टवेयर में जिला स्तर से डाटा फीड करने का काम चला।
बृहस्पतिवार तक 1,67,095 किसानों में से 1,63,418 किसानों का डाटा हो चुका था, जबकि मात्र छह बैंकों में शेष किसानों का डाटा फीड होना है। इसके साथ ही अब दिक्कत यह आ गई कि साफ्टवेयर में पांच हजार किसानों का डाटा अधिक दर्शा रहा है। यह सभी किसान दो एकड़ से अधिक भूमि वाले हैं। हालांकि इस डबल डाटा को शासन और जिला स्तर पर मर्ज करने का काम शुरू हो गया है।
जिला कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार ने बताया कि कर्जमाफी में शामिल किसानों का डाटा साफ्टवेयर में बैंकों की मदद से फीड हो गया है लेकिन साफ्टवेयर में दो एकड़ से अधिक भूमि वाले पांच हजार किसानों का डाटा डबल दिखा रहा है। इसे शासन और जिला स्तर पर मर्ज करने का काम चल रहा है। यह काम पूरा होने के बाद लिस्ट जारी कर दी जाएगी।