फर्जी फायर एनओसी वाले स्कूलों की कुंडली हो रही तैयार
फर्जी फायर एनओसी वाले स्कूलों की अग्निशमन विभाग ने कुंडली तैयार करनी शुरू कर दी है। वहीं स्कूलों की मान्यता संबंधी फाइलों की जांच भी तेज हो गई है।
इसमें और भी स्कूल संदेह के घेरे में हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी का दावा है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। हाल ही में अग्निशमन विभाग को मिली शिकायत पर स्कूलों में फर्जी फायर एनओसी बनवाने का मामला उजागर हुआ था।
इस पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बीएसए कार्यालय से मान्यता संबंधी फाइल तलब कर जांच की और स्कूलों का भी निरीक्षण किया। इसमें एक के बाद एक फर्जी फायर एनओसी के मामले उजागर होने लगे। इसे विभाग ने गंभीरता से लिया और जांच का दायरा भी बढ़ा दिया।
खास बात यह रही कि जांच में मान्यता से संबंधित फाइल से फायर एनओसी गायब भी मिली हैं। अफसरों ने बीएसए को पत्र लिखकर और भी स्कूलों की मान्यता से संबंधित फाइल मांग ली हैं। अफसरों ने अब जांच के साथ फर्जी फायर एनओसी बनवाने वाले स्कूलाें की कुंडली तैयार करनी शुरू कर दी है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि फर्जी फायर एनओसी की जांच जारी है। उन्होंने बीएसए को पत्र लिखकर और भी स्कूलों की फाइलें मांगी है। इसके साथ ही जिले के दूसरे फायर स्टेशनों के अफसरों को क्षेत्र के स्कूूलों की फायर एनओसी की जांच के आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने दावा किया कि जल्द ही फर्जी फायर एनओसी बनवाने वाले स्कूलों की कुंडली तैयार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी। फर्जी फायर एनओसी बनवाने वाले और बनाने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।