अगले माह हो सकती है नए जोन की शुरूआत
पावर कारपोरेशन का बुलंदशहर व हापुड़ जिले को मिलाकर बनाया गया नया जोन अगले माह से शुरू हो सकता है। जोन की स्थापना के लिए शासन ने पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अब शासन के आदेशों का क्रियान्वयन होना बाकी है। इसके बाद बुलंदशहर में चीफ इंजीनियर की तैनाती होते ही नए जोन का काम शुरू कर दिया जाएगा। शासन ने बुलंदशहर के दोनों सर्किल व हापुड़ जिले के एकमात्र सर्किल को बनाकर नया जोन बनाया है।
इससे पहले बुलंदशहर व हापुड़ जिले के सर्किल गाजियाबाद जोन में शामिल थे। उक्त समय में एक जोन में सात सर्किल होने के चलते चीफ इंजीनियर पर कार्य का लोड अधिक रहता था।
जिसके कारण शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन व घपलेबाजों के खिलाफ कार्रवाई में चीफ इंजीनियर को काफी समय लग जाता था। परंतु अब शासन ने जिले में नया जोन बना दिया है, जिसका शुभारंभ अगले माह में होने की संभावना है।
ऑफिस का चयन होने के बाद शासन स्तर से नए जोन के लिए चीफ इंजीनियर की तैनाती कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इससे बिजली कर्मचारियों के शोषण के शिकार उपभोक्ताओं को समस्याओं को लेकर गाजियाबाद तक नहीं भटकना पड़ेगा।
चीफ ऑफिस के लिए शासन स्तर से ही प्रक्रिया चल रही है। जानकारी के मुताबिक अगले माह में ऑफिस शुरू होने की संभावना है। शासन के आदेशों के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
- मनोज कुमार अग्रवाल, एसई, पावर कॉरपोरेशन