पांच गांवों के लोगों को मिलेगी फ्री वाईफाई की सुविधा
जिले के पांच गांवों के लोगों को जल्द ही फ्री वाईफाई की सुविधा मिलने वाली है। वाईफाई की स्पीड भी सौ एमबीपीएस होगी। जबकि वाईफाई प्रदान करने वाली कंपनी द्वारा उपभोक्ता से मासिक शुल्क के रूप में मात्र 50 रुपये चार्ज लिया जाएगा।
जिसके बाद उपभोक्ता को लॉग इन आईडी व पासवर्ड जारी कर दिया जाएगा। जिससे लोग एक माह में अनलिमिटेड डाटा का इस्तेमाल कर सकेंगे। केन्द्र सरकार द्वारा लोगों को डिजिटल प्लेटफार्म उपलब्ध कराने के लिए जिले भर में फाइबर ऑप्टीकल केबल लाइन बिछाई जा रही है।
योजना के तहत जिले के कुल 856 गांवों में केबल लाइन बिछाई गई है। लाइन बनाने के बाद अब पहले चरण में जिले के पांच गांवों को वाईफाई लैस गांव बनाने के लिए चिन्ह्ति किया गया है।
केन्द्र सरकार द्वारा मांगी गई रिपोर्ट के आधार पर बीएसएनएल अफसरों ने पांच गांवों को चिन्ह्ति कर वाईफाई से लैस करने के लिए सरकार को भेज दिया है। उक्त सभी गांवों में लोग अब 50 रुपये मासिक शुल्क अदा कर एक महीने तक असीमित डाटा का प्रयोग कर सकेंगे।
जबकि उक्त डाटा की स्पीड भी सौ एमबीपीएस होने के कारण लोगों को निजी कंपनियों के डाटा से अधिक स्पीड मिल सकेगी। डाटा की स्पीड अधिक होने के कारण लोग आसानी से बिना बफरिंग के कोई भी वीडियो देख सकेंगे।
इन गांवों में लगाया जाएगा वाईफाई
ग्राम पंचायत बुगरासी
ग्राम पंचायत औरंगाबाद
ग्राम पंचायत तिलबेगमपुर
ग्राम पंचायत खुर्जा जंक्शन
ग्राम पंचायत पहासू
50 रुपये मासिक होगा शुल्क
वाईफाई का प्रयोग करने के लिए लोगों को 50 रुपये मासिक एक कार्ड खरीदना होगा। इस कार्ड पर खरीदने वाले के लिए प्रयोग की जाने वाली आईडी व एक पासवर्ड होगा। जबकि महीने की समाप्ति पर उक्त लॉग इन आईडी स्वत: ही बंद हो जाएगी। जिसके बाद नया कार्ड खरीदने पर ही उपभोक्ता वाईफाई का प्रयोग कर सकेंगे।
ग्राम पंचायतों में ऑप्टीकल फाइबर केबल लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। पहले चरण में केन्द्र सरकार द्वारा पांच गांवों में वाईफाई देने के लिए नाम मांगे थे। पांचों गांवों को चिन्ह्ति कर सूची सरकार को भेज दी है। शीघ्र ही योजना की शुरूआत कर दी जाएगी।
- आरबी वर्मा, जीएम, बीएसएनएल