राजकीय कन्या इंटर कॉलेजों में हॉस्टल निर्माण का काम शुरू
जिले के पांच राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों में हॉस्टल निर्माण की शुरूआत हो चुकी है। हॉस्टल निर्माण पर 8.51 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी, जबकि एक हॉस्टल के निर्माण पर 170.25 लाख रुपये की लागत आएगी। छात्राओं को यहां सभी सुविधाएं मिलेंगी।
शासन ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों में छात्राओं को हॉस्टल की सुविधा देने की योजना बनाई है। इस योजना में जिले के पांच राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों को शामिल किया है।
इनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बुलंदशहर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चौगानपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहासू, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शिकारपुर और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बीबीनगर शामिल हैं।
एडीआईओएस शंकर लाल के अनुसार सभी राजकीय कन्या इंटर कॉलेजों मेें हॉस्टल के निर्माण पर 170.25 लाख रुपये की लागत आएगी। इस तरह से सभी के निर्माण को 8 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
उन्होंने दावा किया कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हास्टल बनने से छात्राओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। दूर-दराज क्षेत्र से आने वाली छात्राओं को हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने का मौका मिलेगा।