यातायात व्यवस्था ध्वस्त, डीएम ने अफसरों को फटकारा
सड़क सुरक्षा एवं यातायात समिति की बैठक में यातायात व्यवस्था ध्वस्त होने पर डीएम ने अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान डीएम ने एआरटीओ को शहर में 12 स्थानों पर पार्किंग बनाने के आदेश दिए।
पार्किंग स्थल बनने के बाद शहर में लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिल सकेगी। इसके अलावा डीएम ने नगर पालिका अफसरों के साथ बैठक कर नालों में कूड़ा व गोबर डालने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए।
डीएम डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में मंगलवार को यातायात समिति की कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें शहर में जाम की स्थिति को लेकर डीएम ने अफसरों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने एआरटीओ प्रवर्तन विनीत मिश्रा को शहर में पार्किंग के लिए 12 स्थान चिन्हित करने के आदेश दिए।
वहीं नगर पालिका अफसरों से उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति नाले में कूड़ा व गोबर डाले उसके खिलाफ तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराई जाए। इस मौके पर अस्पताल रोड पर अधिक जाम मिलने के कारण डीएम ने आदेश जारी किए कि जो भी वाहन बेतरतीब तरीके से सड़क पर या किनारे खड़ा मिले, उसका तुरंत चालान कर सीज करने की कार्रवाई की जाए।
जबकि काली नदी से स्याना अड्डे तक सड़क पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों को दो दिन की चेतावनी देते हुए अतिक्रमण खुद हटाने के आदेश दिए। डीएम ने कहा कि इसके बाद अभियान चलाकर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया जाएगा।