टीपी नगर में भूखंडों की नीलामी पर सवालिया निशान
बीडीए द्वारा विकसित टीपी नगर में भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया पर सवाल खड़ा हो गया है। बराबर में स्थित प्लॉटों के लिए अलग-अलग कीमत देने से लोग बचते दिखाई दे रहे हैं।
पूर्व में की गई नीलामी में कई लोगों ने अधिक कीमत लगाकर प्लॉट खरीदने के लिए आवेदन किया था, लेकिन बाद में बोली कम लगने से प्लॉट कम कीमत पर बिके तो अब वह प्लॉटों को लौटाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। इसके कारण बीडीए अफसर काफी परेशान हैं।
कामर्शियल हब के रूप में बनाई जा रही कालोनी टीपी नगर में इन दिनों भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया चल रही है। पहले चरण में 54 वर्ग मीटर के 48 प्लॉटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी की गई। दो दिन चली इस प्रक्रिया में पहले दिन 24 प्लॉटों की नीलामी हुई।
जो 15 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर से उछलकर 30100 रुपये प्रति वर्ग मीटर तक पहुंच गई। जबकि दूसरे दिन शेष बचे 24 भूखंडों की नीलामी 24 हजार के समीप ही पहुंच सकी।
इसके कारण ऊंची कीमत देकर प्लॉट खरीदने वाले लोग अब प्लॉटों को वापस करने के लिए अफसरों के चक्कर काट रहे हैं। अधिक कीमत पर प्लॉट खरीदने वाले लोगों द्वारा प्लॉट लौटाने के लिए लगातार अफसरों से संपर्क किया तो अफसर भी परेशान हो गए।
अब अफसरों ने पूरे मामले से डीएम व प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ. रोशन जैकब को अवगत कराया तो उन्होंने तत्काल पूरे मामले की स्थिति से जानकारी मांगी है। हालांकि मंगलवार को 72 वर्ग मीटर प्लॉटों के लिए नीलामी प्रक्रिया की गई, जिसमें लोगों ने हिस्सा लेकर बोलियां लगाईं।
एक बराबर प्लॉट के लिए लोग बराबर कीमत देने की बात कर रहे हैं। जबकि बोली में उक्त लोगों ने अलग-अलग कीमत लगाई थी। फिलहाल पूरे मामले से डीएम को अवगत करा दिया है। अब उनके आदेश पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - इंदु प्रकाश सिंह, विशेष कार्याधिकारी, बीडीए