गंगा में जल स्तर बढ़ने से डॉल्फिन का नहीं हो रहा दीदार
इस समय गंगा में जल स्तर बढ़ गया है। ऐसे में डॉल्फिन का दीदार नहीं हो रहा है। पानी मटमैला होने के कारण डॉल्फिन दिखाई नहीं दे रही हैं। ऐसे में अफसर और कर्मचारियों की निगाहें टिकी हुई हैं कि डॉल्फिन कहीं आगे न निकल जाएं।
गंगा नदी में रामसर साइट गढ़ से लेकर नरौरा बैराज तक बड़ी संख्या में डॉल्फिन हैं। अनूपशहर से लेकर नरौरा बैराज तक 50 से अधिक डॉल्फिन हैं। इनकी देखरेख का जिम्मा वन विभाग के हाथ में है। विभागीय अफसर समय-समय पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखते हैं।
इस समय गंगा में जल स्तर बढ़ने से डॉल्फिन नहीं दिख रही हैं। ऐसे में अफसरों की चिंता बढ़ने लगी है कि कहीं डॉल्फिन आगे न निकल जाए। वन विभाग के अधिकारी सीपीएस मलिक का कहना है कि इस समय गंगा में जल स्तर बढ़ने से डॉल्फिन की गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही हैं।
ऐसे में आशंका यह भी बन रही है कि पानी के अधिक बहाव में डॉल्फिन आगे न निकल जाएं। जल स्तर कम होने पर ही इसका पता चल सकेगा।