पावर कारपोरेशन के हेल्पलाइन नंबर बंद, उपभोक्ता परेशान
‘अपना शहर कार्यक्रम’ के तहत डीएम ने शनिवार को वार्ड नं. 27 स्थित कोठियात में कैंप लगाकर जनसमस्याएं सुनी। इस दौरान स्थानीय नागरिकों द्वारा बिजलीघर पर संचालित सहायता केन्द्रों के नंबर न मिलने, फोन न उठने की शिकायत की।
इस पर डीएम ने अफसरों को उक्त व्यवस्था को तुरंत सुचारु रखने के आदेश अफसरों को दिए। शनिवार को डीएम द्वारा नगर के वार्ड 27 स्थित कोठियात में ‘अपना शहर कार्यक्रम’ के तहत जनसमस्याएं सुनी।
इस दौरान लोगों ने डीएम को अवगत कराया कि सब्जी विक्रेताओं द्वारा नाली व नालों पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है।
इसके अलावा लोगों ने अवगत कराया कि पावर कारपोरेशन के हेल्पलाइन नंबर की व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। उपभोक्ताओं के फोन रिसीव नहीं किए जाते हैं तो कभी-कभी फोन मिलता ही नहीं है।
डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए पावर कॉरपोरेशन अफसरों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
इस मौके पर राशन कार्ड संबंधी समस्याओं को लेकर भी डीएम ने पूर्ति विभाग के अधिकारियों को पात्र लोगों के कार्ड बनाने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर डीएम के साथ बीडीए, नगर पालिका, डीएसओ, पावर कारपोरेशन के अधिकारी मौजूद रहे।