बुलंदशहर। पंचायत चुनाव के लिए परिसीमन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। परिसीमन के तहत एक हजार से कम आबादी वाले जिले के 150 से अधिक छोटे गांव/माजरे को बड़े गांवों में ही शामिल किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों ने परिसीमन की तैयारी शुरू कर दी हैं।
अगले वर्ष की दूसरी तिमाही में पंचायत चुनाव कराए जाने हैं। इसके लिए शासन स्तर से आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए हैं। शासन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परिसीमन की प्रक्रिया शुरू की जाए। अब शासन के निर्देश पर डीएम की अध्यक्षता में परिसीमन के लिए एक कमेटी का गठन होगा और परिसीमन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि करीब ढ़ाई साल पहले 60 ग्राम पंचायतें गौतमबुद्धनगर में चली जाने के चलते इस बार जिले में इन ग्राम पंचायतों को शामिल नहीं किया जाएगा। इसके अलावा 150 से अधिक गांव और माजरे ऐसे हैं जहां एक हजार से कम आबादी है, उन्हें भी बड़ी ग्राम पंचायतों में शामिल किया जाएगा। जबकि बड़ी आबादी वाले गांवों को दो भागों में बांटा जा सकता है। इसके लिए अधिकारी परिसीमन के दौरान योजना तैयार करते हुए डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी के समक्ष रखेंगे। कमेटी की ओर से परिसीमन को लेकर आपत्तियां मांगी जाएंगी। जिसके बाद आपत्तियों का निस्तारण होगा और अंतिम परिसीमन जारी किया जाएगा।
ककोड़ न अहमदगढ़ बना ब्लॉक
जिले में अभी तक 16 ब्लॉक हैं और लंबे समय से ककोड़ व अहमदगढ़ को ब्लॉक बनाने की मांग की जा रही है। शासन ने ककोड़ को ब्लॉक बनाने के लिए करीब सात साल पहले घोषणा भी की थी, लेकिन यह केवल कागजों तक ही सीमित रही। जबकि अहमदगढ़ को ब्लॉक बनाए जाने के लिए लगातार लोग मांग कर रहे हैं। इस पर भी अभी तक शासन ने कोई निर्णय नहीं लिया है। वहीं अब परिसीमन की कार्रवाई और शासन की ओर से बड़ी ग्राम पंचायतों को विभाजित करने के आदेशों के चलते अहमदगढ़ को ब्लॉक बनाने के लिए फिर से मांग तेज हो गई है।
शासन के निर्देश पर परिसीमन की तैयारी शुरू कर दी गई है। छोटे गांवों को बड़े गांवों में शामिल करने और बड़े गांवों के विभाजन के लिए शासन के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी ही परिसीमन पर अंतिम फैसला लेगी। - डा. प्रीतम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी