अब नहीं चलेंगे मॉडल स्कूल
इस सत्र में मॉडल स्कूलों के कपाट नहीं खुलेंगे। शासन ने इस सत्र से स्कूलों को न चलाने का निर्णय लिया है। बुधवार को जिला प्रशासनिक अफसरों के साथ हुई वीडियो कान्फ्रेंसिंग में यह निर्णय लिया गया है।
जिले को 11 मॉडल स्कूलों की सौगात मिली थी। इनमें से 10 मॉडल स्कूलों का निर्माण पिछले वर्ष ही पूरा हो गया था। जबकि एक स्कूल का निर्माण अभी शुरू नहीं हुआ है। जिन स्कूलों का निर्माण पूरा हो गया।
उनमें शिक्षण कार्य शुरू नहीं हुआ था। शासन ने इस सत्र से स्कूलों को चलाने का आदेश पारित किया था लेकिन आधी-अधूरी तैयारियों और सत्र लेट होने के चलते इस बार मॉडल स्कूलों को चलाने का निर्णय स्थगित किया है।
यह निर्णय बुधवार को शासन और जिला प्रशासन अफसरों के बीच हुई वीडियो कॉन्फ्रें सिंग में लिया गया।
300 छात्र ले चुके थे प्रवेश
मॉडल स्कूल चलने की सूचना मिलते ही जिले के छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई थी। शासन के आदेश पर प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हुई तो 300 छात्रों ने प्रवेश भी ले लिया था। अब स्कूल बंद होने की सूचना पर दूसरे विद्यालयों में दाखिला कराया जाएगा।
बुधवार को शासन स्तर से हुई वीडियो कान्फ्रेंस में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल को इस सत्र से शुरू करने का निर्णय स्थगित कर दिया गया है। आदेश के बाद अब मॉडल स्कूल इस वर्ष से नहीं, बल्कि अगले वर्ष से चलेंगे। जिन छात्रों ने प्रवेश ले लिया था। उन्हें दूसरे विद्यालयों में दाखिला दिलवाया जाएगा। - डॉ. पूरन सिंह, एडीआईओएस