आंधी-बारिश ने गुल की 250 गांवों की बिजली
बारिश और आंधी के चलते मंगलवार शाम 250 गांवों की बिजली गुल हो गई। लाइन में फाल्ट और ब्रेक डाउन होने के कारण भी बिजली सप्लाई ठप रही। बुधवार को पूरे दिन बिजली कर्मी फॉल्ट दुरुस्त करने में जुटे रहे।
जिले में मानसूनी बारिश जारी है। मंगलवार शाम जिले में जहां-तहां बारिश हुई। बारिश के साथ आंधी भी आई। देर रात तक जारी आंधी-बारिश के चलते विद्युत लाइनों में फाल्ट और ब्रेक डाउन होने से बिजली सप्लाई ठप हो गई।
इसके चलते करीब 250 गांवों की बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई, जबकि निगम को भी लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। खुर्जा, अरनिया, पहासू, जहांगीराबाद स्याना आदि क्षेत्र में बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार पूरी रात और बुधवार पूरा दिन बिजली नहीं होने के कारण इन्वर्टर भी जवाब दे गए। सुबह होेते ही बिजली सप्लाई को सुचारु करने के लिए विद्युत कर्मचारी जुट गए थे।
पावर कारपोरेशन के एसई संजीव राना ने बताया कि आंधी-बारिश के कारण लाइनों में फाल्ट और ब्रेक डाउन हो गया। इससे बिजली सप्लाई ठप हो गई। फाल्ट व ब्रेक डाउन की समस्या को दूर करने के लिए कर्मचारी काम में जुटे हुए हैं। जल्द ही सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।