कांवड़ियों के लिए उप्र परिवहन तरफ से तोहफा
सावन की महाशिवरात्रि नजदीक आते ही शिवभक्त कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार को रवाना होना शुरू हो गए हैं। शिवभक्तों को हरिद्वार पहुंचाने के लिए उप्र परिवहन निगम के बुलंदशहर डिपो के अफसरों ने भी खाका खींच कर लगातार बस चलाने की तैयारी कर ली है।
शुरूआत में 35 बसों का संचालन होगा और शिवभक्तों की संख्या में इजाफा होने पर बसों की भी संख्या बढ़ा दी जाएगी। सावन की शिवरात्रि का विशेष महत्व है। इसके चलते शिवभक्त बड़ी संख्या में हरिद्वार कांवड़ लेने पहुंचते हैं।
कई शिवभक्त जत्थों में रवाना होते हैं और कई अपनी गाड़ियों आदि से भी कांवड़ लेने जाते हैं। किंतु हरिद्वार से पैदल कांवड़ लेकर आने वालों की संख्या बहुत अधिक होती है और वह बस से ही रवाना होते हैं,
इसलिए उप्र परिवहन निगम के बुलंदशहर डिपो की ओर से शिवभक्तों को हरिद्वार पहुंचाने के लिए खाका खींच लिया गया है।
एआरएम एसपी सिंह ने बताया कि शुरूआत में 35 बसों का हरिद्वार के लिए संचालन किया जाएगा।
शिवभक्त हरिद्वार जाने लगे हैं। हालांकि अभी उनकी संख्या बहुत कम है और जो बस हरिद्वार के लिए चल रहीं हैं, उन्हीं में सवार होकर जा रहे हैं। मगर, सोमवार या मंगलवार से हरिद्वार जाने वाले शिवभक्तों की संख्या में इजाफा होने की संभावना है,
इसलिए उन्होंने पहले से ही तैयारी कर ली है। चालक-परिचालकों को आदेश दिया है कि वह शिवभक्तों को हरिद्वार पहुंचाने में किसी भी तरह की कोताही न बरते। प्रयास रहे कि बस की सीट पूरी होते ही हरिद्वार को रवाना हो जाएं।