50 करोड़ का विलुप्त बकाया होगा खत्म
पावर कारपोरेशन के रिकॉर्ड में विलुप्त हो चुके बकायेदारों का बकाया अब विभाग खत्म करने वाला है। करीब 50 करोड़ से अधिक के विलुप्त बकायेदारों की पीडी कर इनका रिकॉर्ड खत्म किया जाएगा।
विलुप्त बकायेदारों को ढूंढने में नाकाम कारपोरेशन अफसर इनकी पीडी भरकर इनका रिकॉर्ड खत्म कर देंगे। पावर कारपोरेशन में लाखों बकायेदार ऐसे हैं, जिनका कोई रिकॉर्ड विभाग के पास नहीं है।
सालों से इनके नाम कागजों में कनेक्शन तो चल रहे हैं, लेकिन धरातल पर इनका कोई अता-पता नहीं है। जिले में ऐसे करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक के विलुप्त बकायेदार हैं। विलुप्त बकायेदारों को ढूंढने में नाकाम विभाग अब इन्हें जड़ से खत्म करने जा रहा है।
इन विलुप्त बकायेदारों की पीडी भरके इन्हें खत्म कर दिया जाएगा, ताकि एरियर को कम किया जा सके। इस बाबत सभी एक्सईएन, एसडीओ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अधीक्षण अभियंता संजीव राणा ने बताया कि शासन से निर्देश हैं कि जो बकायेदार विलुप्त हो चुके हैं, उनका विभागीय रिकॉर्ड खत्म कर दिया जाए। वर्षों से कागजों में बिल चल रहे हैं, जबकि वास्तव में ऐसे बकायेदार अब मौजूद ही नहीं हैं। इनकी पीडी भरके इनका रिकॉर्ड खत्म कर दिया जाएगा।