विजिलेंस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 78 पर एफआईआर
जिले में बिजली चोरी कर रहे लोगों के खिलाफ पावर कारपोरेशन की कार्रवाई लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को पावर कारपोरेशन और विजिलेंस की ओर से चलाए गए संयुक्त अभियान में 108 लोगों को बिजली चोरी में पकड़ा गया। इनमें से 78 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
बृहस्पतिवार को नगर के साठा, राधा नगर, उपरकोट, इस्लामाबाद, अंबर सिनेमा रोड, शेख सराय, सुनारों वाली गली, चौक बाजार आदि क्षेत्रों में बिजली अफसरों और विजिलेंस द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया।
विजिलेंस प्रभारी अशोक सोनकर और हाइडिल कॉलोनी बिजलीघर जेई मनोज सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में 108 लोगों को बिजली चोरी में पकड़ा गया।
इनमें से 78 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी में एफआईआर दर्ज कराई गई, जबकि 30 लोगों से जुर्माना वसूला गया। जेई मनोज सिंह ने बताया कि बिजली चोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।