छात्रा के साथ छेड़छाड़, बनाई वीडियो
अहार। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा के साथ पड़ोसी गांव निवासी दो युवकों ने छेड़छाड़ की। साथ ही उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए वीडियो बनाकर सोशल साइट फेसबुक पर वायरल कर दी। वायरल वीडियो फेसबुक पर आने के बाद परिजनों को जानकारी हुई। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को दबोच लिया है।
अहार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री क्षेत्र के ही एक स्कूल में पढ़ने के लिए जाती है। आरोप है कि बीते दिनों भी उनकी पुत्री घर से स्कूल जा रही थी। इस दौरान पड़ोसी गांव निवासी आरोपी शैलेंद्र और जितेंद्र ने उसे रास्ते में रोक लिया। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान एक युवक पीड़िता के साथ अश्लील हरकत करता रहा, जबकि दूसरे आरोपी ने वीडियो बना ली। इसके बाद आरोपियों ने उक्त वीडियो को फेसबुक पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों को मामले की जानकारी हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में आरोपी शैलेंद्र को दबोच लिया गया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।