लापरवाही बरतने पर लेखपाल-पेशकार को प्रतिकूल प्रविष्टि
खुर्जा। जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने सोमवार को तहसील का औचक निरीक्षण किया। सरकारी जमीन पर कब्जा मुक्त कराने के मामले को गंभीरता से न लेने पर डीएम ने गांव मौजपुर में कार्यरत लेखपाल अशोक कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान किया। वहीं एसडीएम न्यायालय तथा तहसीलदार न्यायालय में कार्यरत पेशकार द्वारा वाद पत्रावलियों का रखरखाव सही रखे न पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम ने थाना दिवस, समाधान दिवस, डीएम जनता दर्शन तथा मुख्यमंत्री संदर्भों के निस्तारण की विस्तृत जानकारी ली। डीएम ने कहा कि अगर कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर फिर से कब्जा हो तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाए। डीएम ने जातिप्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पेंशन आदि की समीक्षा करते हुए सात दिन के भीतर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों के आवास उवं जमीन आवंटित किया जाए। इसके अलावा डीएम ने एसडीएम और तहसीलदार कोर्ट में समय से वादों के निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि 26 फरवरी को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक तहसील सभागार में भूमि समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम आईएएस पुलकित गर्ग, तहसीलदार आनंद श्रीनेत आदि अधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो