ट्रकों की भिड़ंत में एक की मौत, पांच घायल
- चांदौक दोराहे पर मंगलवार तड़के हुआ हादसा
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के चांदौक दोराहे पर मंगलवार तड़के फलों से लदे ट्रक और कैंटर की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि दोनों ट्रकों के चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। हादसे के कारण सड़क पर काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा कर जाम खुलवाया।
सोमवार रात फलों से लदा एक ट्रक दिल्ली से बदायूं जा रहा था। ट्रक में तेजपाल पुत्र खन्नू, छोटे पुत्र खन्नू और गोली पुत्र छोटे निवासी गांव अकबरपुर थाना गिन्नौर बतौर सवारी बैठे हुए थे। यह लोग जन्माष्टमी मनाने के लिए अपने घर जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे चांदौक दोराहा के निकट अनूपशहर की ओर से आ रहे कैंटर से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में तेजपाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा दोनों ट्रकों के चालक और एक हेल्पर समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहीं शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के कारण सड़क पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। इसके बाद यातायात सुचारु हुआ। पुलिस ने छोटे पुत्र खन्नू की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
फोटो समाचार
अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत
- एक मृतक की नहीं हुई शिनाख्त, प्रयास में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा। दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
हाईवे स्थित नेहरूपुर चुंगी के निकट मंगलवार सुबह दस बजे एक युवक सड़क पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अलीगढ़ से आ रही रोडवेज की बस ने युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बस चालक के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर आई पुलिस ने शव की शिनाख्त करने की कोशिश की। देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
इसके अलावा मंगलवार सुबह करीब सात बजे सड़क पार कर रहे एक अधेड़ को बाइक ने टक्कर मार दी। घायल को जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे बुलंदशहर रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही अधेड़ ने दम तोड़ दिया। एसएसआई बृमेश यादव ने बताया कि मृतक की शिनाख्त सरदार खां, पलवल हरियाणा निवासी के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सामान से भरा ट्रक पलटा, तीन घायल
खुर्जा। गाजियाबाद से मंगलवार शाम परचून का सामान लादकर अलीगढ़ के लिए जा रहा एक ट्रक हाईवे पर कार को ओवरटेक करने के दौरान पलट गया। हादसे में ट्रक चालक विनोद निवासी अलीगढ़, हेल्पर गाजियाबाद निवासी मनीष और मोहन घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद काफी देर तक हाईवे पर वाहनों का आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु करवाया।