बुलंदशहर। जिलेभर की सड़कों पर अनधिकृत और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के लिए सोमवार को संभागीय परिवहन विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन ने पहासू, अरनिया, चोला क्षेत्र व नगर के रोडवेज बस अड्डे पर 11 अनधिकृत वाहन समेत 14 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की। साथ ही हेलमेट न लगाने पर 19 दोपहिया वाहन चालकों का चालान काटा गया। इन सभी वाहन संचालकों पर तीन लाख 14 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन राजीव बंसल ने बताया कि नौ निजी वाहन व दो थ्री व्हीलर अनधिकृत रूप से संचालित, दो वाहन ओवरलोड, एक दोपहिया वाहन में मोडिफाइड साइलेंसर लगा मिला। पहासू में दो अनधिकृत वाहन, अरनिया में दो थ्री व्हीलर, चोला क्षेत्र में एक ओवरलोड वाहन और शेष रोडवेज बस अड्डे के पास कार्रवाई की गई। इन सभी 14 वाहनों को सीज कर 3,14,450 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा 19 दोपहिया वाहन चालकों का हेलमेट न लगाने पर चालान काटा गया। बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।