जिला अस्पताल में कोरोना की जांच करवाता युवक ।
बुलंदशहर। जिले में प्रतिदिन कोरोना संक्रमित निकलने का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। बृहस्पतिवार को दो किशोरी समेत 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें जिले के पांच लोग अन्य जनपद में पॉजिटिव मिले है तो नौ लोग जिले में पॉजिटिव आये है। साथ ही 16 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद जिले में सक्रिय केसों की संख्या 48 हो गई है।
सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण वाले और बुखार से पीड़ित लोगों की कोविड जांच लगातार कराई जा रही है। जिससे संक्रमित का समय से पता चल सके। बृहस्पतिवार को पांच केस अन्य जनपद से बुलंदशहर स्थानांतरण होकर आए है। जांच के दौरान शिकापुर निवासी 12 वर्षीय किशोरी, अनूपशहर के तौली निवासी 16 वर्षीय किशोरी, लखावटी, ऊंचागांव व गुलावठी निवासी एक-एक युवक, स्याना क्षेत्र में 45 वर्षीय महिला व 27 वर्षीय युवक, बुलंदशहर क्षेत्र में 26 वर्षीय एक युवक समेत तीन लोगों की और सिकंदराबाद क्षेत्र में 25 व 29 वर्षीय महिला व 62 वर्षीय बुजुर्ग पॉजिटिव आए हैं।