नगर क्षेत्र के एक केंद्र पर साक्षरता परीक्षा देती महिलाएं। स्रोत: विभाग
बुलंदशहर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को 197 केंद्रों पर नव साक्षर परीक्षा कराई गई। इन पर पंजीकृत 1615 नवसाक्षरों के सापेक्ष 1317 लोगों ने परीक्षा दी। परीक्षा देने वाले सभी लोग अब साक्षर हो गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक वर्ष जिले में नव साक्षर परीक्षा कराई जाती है। सभी 16 ब्लॉक पर 197 परिषदीय स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया। परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण के लिए सभी जिला समन्वयक एवं बीईओ की डयूटी लगाई गई।
बताया कि नवभारत साक्षरता परीक्षा वर्ष में मार्च एवं सितंबर माह में दो बार आयोजित होती है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को परीक्षा में शामिल किया जाता है। जिले में कुल 38,179 असाक्षर को चिन्हित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अभी तक कुल 29,413 नव साक्षरों को साक्षर होने के प्रमाण पत्र वितरित किए जा चुके हैं। संवाद