जवान की मौत की सूचना से परिजनों में पसरा मातम
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा। अवकाश बिताने के बाद घर से डयूटी पर गए फौजी की मौत की सूचना मिलने से परिजनों में मातम पसर गया है। परिजनों ने बताया कि फौजी का शव रेलवे स्टेशन के समीप मिला था। फौजी की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने आज सुबह शव आने की संभावना जताई है।
तहसील क्षेत्र के गांव नगलाशेखू निवासी सुलेख कुमार 28 पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार सन 2011 में फौज में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू कश्मीर में चल रही थी। परिजनों के अनुसार वह आर्मी सप्लाई कोर में थे। हाल ही में 15 दिन की छुट्टी के बाद सुलेख रविवार को जम्मू के लिए रवाना हुए थे। सोमवार को परिजनों पर फौज की तरफ से सूचना आई की जवान की मौत हो गई है। फौजी की अचानक मौत होने की सूचना से परिजनों में मातम पसर गया है। परिजनों के अनुसार फौजी का शव जम्मू रेलवे स्टेशन के समीप पड़ा मिला है। मौत के कारण अभी साफ नहीं है। परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह तक जवान का शव गांव आने की संभावना है।