विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र में मिलावटी व खराब खाद्य सामग्री को लेकर जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी के चलते खुर्जा तहसील क्षेत्र के डावर गांव में संदीप कुमार गौड़ की अंडे डेयरी के नाम से चल रही पनीर फैक्टरी में छापा मारा गया।
जहां पर देखा गया कि मिल्क पाउडर से दूध बनाकर उसमें पामोलीन तेल मिलाकर पनीर बनाया जा रहा था। इसी के चलते दूध, रिफाइंड पामोलीन तेल व मिल्क पाउडर के नमूने लिए गए। इसके अलावा मौके पर मिला 12 क्विंटल पनीर, 75 लीटर पामोलीन तेल, दस किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर को नष्ट कराया गया, जो लगभग एक लाख 65 हजार कीमत का था।
इसके अलावा डावर गांव में ही अवनेश शर्मा की गणेश डेयरी मिल्क प्रोडक्ट फैक्टरी पर छापा मारा। जहां पर दूध, घी, पनीर, क्रीम आदि खाद्य पदार्थ मिले। मानक के अनुरूप नहीं होने पर संदेह के आधार पर दो दूध, दो घी, पनीर व क्रीम के कुल छह नमूने लिए गए। मौके पर मौजूद 28 हजार कीमत का 125 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया और 48 हजार कीमत का 80 किलोग्राम घी सीज किया गया।
विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार ने बताया कि जांच के दौरान लिए गए नौ नमूनों को राजकीय खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार, अनिल कुमार कौशल, पंकज वर्मा, मुनेंद्र सिंह राना, सुनील कुमार सिंह व सनजीत कुमार आदि मौजूद रहे।