खुर्जा की कालिंदी कुंज कॉलोनी में तैयार अनोखी दुनिया पार्क में बनाया गया क्रॉकरी पेड़। स्रोत- ब
खुर्जा। कालिंदी कुंज कॉलोनी में लगभग 80 टन टूटे क्रॉकरी व अन्य सिरेमिक उत्पाद का इस्तेमाल कर 120 शिल्पकारों ने अनोखी दुनिया पार्क तैयार किया है। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण ने 5.86 करोड़ रुपये की लागत इस पार्क का निर्माण कराया है। इसमें फुटपाथ, आकर्षक झूले, सेल्फी प्वाइंट, फुलवारी व अन्य आकर्षक चीजें हैं।
बीकेडीए उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि इस पार्क की विशेषता है कि इसमें अन्य पार्कों की तरह फुटपाथ, फुलवारी, झूले व अन्य चीजों को तैयार करने में टूटे सिरेमिक उत्पाद, कबाड़ व अन्य अनुपयोगी वस्तुओं का इस्तेमाल किया गया है। शिल्पकारों की टीम ने 28 विशाल कलाकृतियां बनाई हैं, जिनमें बड़े फूलदान, कप, केतली आदि शामिल हैं।
झूलों को कप केतली के डिजाइन के साथ सजाया गया है। सुंदर व आकर्षक क्रॉकरी लगाकर एक पेड़ बनाया गया है। इस परियोजना से स्वच्छ भारत रैंकिंग में खुर्जा की स्थिति मजबूत होगी। उपाध्यक्ष ने बताया कि पार्क से खुर्जा की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त होगी। प्रदेश में ऐसा पहला पार्क होगा, जो सिरेमिक उत्पाद से ही उन्हीं डिजाइन में तैयार किया गया है।
कबाड़ को उपयोगी बनाने का देगा संदेश
बीकेडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि अनोखी दुनिया केवल कला प्रदर्शन का स्थल नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय आंदोलन का प्रतीक है। यहां आने वाले बच्चों और विद्यार्थियों को सतत विकास, रिसाइकलिंग और कबाड़ वस्तुओं से विशेष वस्तु तैयार करने का ज्ञान मिलेगा। साथ ही अन्य कलाकारों और कारीगरों को भी सीखने का मौका मिलेगा।