सिकंदराबाद।
सऊदी अरब और दुबई में नौकरी लगवाने के नाम पर 11 युवकों को फर्जी वीजा देकर जालसाजों ने 11.55 लाख रुपये ठग लिए। जानकारी होने पर रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़ितों के साथ गाली-गलौज कर उनकी पिटाई भी की। आरोपियों ने भविष्य में रुपये मांगने पर हत्या की धमकी दी। पीड़ित पक्ष के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला अंसारियान निवासी कासिम ने बताया कि वह मोहल्ला निवासी राशिद, सुल्तान, हबीबुर्रहमान, साबिर के अलावा मेरठ, हापुड़, बागपत और दिल्ली के लड़कों के साथ हापुड़ में टावर का काम करता है। बेहतर भविष्य के लिए वह और उसके साथी नौकरी करने के लिए सऊदी अरब और दुबई जाना चाहते थे। उसने इस संबंध में सिकंदराबाद के मोहल्ला गोरखी निवासी युवक से बात की। युवक ने दिल्ली निवासी अपने भांजों से उसे मिलवाया। दोनों युवकों ने उसे बताया कि वह सऊदी अरब, दुबई का वीजा दिलाकर लोगों को दोनों देशों में नौकरी के लिए भेजते हैं। हाल ही में उन्होंने बहुत से लोगों को काम के लिए सऊदी और दुबई भेजा है।
दोनों की बातों पर विश्वास करते हुए उसने व उसके दोस्त राशिद, सुल्तान, आजाद, हबीबुर्रहमान, अजीज, साबिर, अलताफ, फिरोज खान, नदीम, मो.अफसार आदि ने फोनपे और पेटीएम के माध्यम से दोनों आरोपियों को कुछ दिन पूर्व 11.55 लाख रुपये दिए। साथ ही आरोपियों ने जल्द ही उनका वीजा आदि दिलाने का आश्वासन दिया लेकिन, आरोपियों के द्वारा दिया गया समय बीत गया। पीड़ितों ने जब रुपये जमा कराने के बाद जब अपने वीजा के बारे में जानकारी की तो दोनों भाई बहाने बनाते रहे। बार-बार तकादा करने पर आरोपियों ने उनके कुछ साथियों को फर्जी वीजा और हवाई जहाज का टिकट दे दिया। वीजा और टिकट के फर्जी होने की जानकारी होने पर जब उन्होंने आरोपी युवकों से रुपये वापस करने के लिए कहा तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनकी पिटाई कर दी। आरोपियों ने भविष्य में तकादा करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
सैकड़ों लोग हैं संपर्क में
पीड़ित लोगों ने पुलिस को जानकारी दी है कि आरोपियों के चंगुल में सैकड़ों लोग हैं, जो विदेश में नौकरी पाने के इच्छुक हैं। यदि उन्हें अलर्ट नहीं किया गया तो वह भी ठगी के शिकार हो सकते हैं। इसके अलावा अन्य लोगों से भी आरोपी ठगी कर चुके हैं। बाद में हत्या और अन्य मामलों में फंसाने की धमकी देकर लोगों को डराते हैं, जिससे उनकी कोई शिकायत नहीं करता है। पुलिस ने पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है।
पूर्व में भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
विदेश में नौकरी लगवाने व वीजा दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले पूर्व में भी कई बार सामने आ चुके हैं। बीते दिनों नगर निवासी एक युवक से उसके रिश्तेदार ने कनाडा में नौकरी लगवाने के नाम पर चार लाख रुपये हड़प लिए थे। इसके अलावा खुर्जा, सिकंदराबाद में भी पूर्व में इस तरह के मामले सामने आए हैं।
मामले में एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि मामले की तहरीर मिल गई है। गहनता से विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।