स्याना। नगर के विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन ने दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की है। आकांक्षा नगर योजना के अंतर्गत रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण और सीएचसी में यात्री शेड के निर्माण के लिए 1.15 करोड़ का बजट मंजूर किया गया है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सेवाराम राजभर ने बताया कि पालिका बोर्ड की बैठक में नगर के वैरा फिरोजपुर मार्ग स्थित रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण और सीएचसी परिसर में यात्री शेड निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे गए थे। इन प्रस्तावों पर मुहर लगाते हुए शासन ने रामलीला मैदान के विकास के लिए एक करोड़ रुपये और सीएचसी में यात्री शेड निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
बताया कि रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण से जहां नगरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलेगा, वहीं धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को भी नई पहचान मिलेगी। इसके साथ ही सीएचसी में बनने वाला यात्री शेड मरीजों और उनके परिजनों को धूप और बारिश के समय में राहत प्रदान करेगा। अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद दोनों योजनाओं पर निर्माण कार्य आरंभ करा दिया जाएगा।